खेल डेस्क. ऑस्ट्रेलियन ओपन मंगलवार को 2008 की चैम्पियन रूस की मारिया शारापोवा को पहले राउंड में हार का सामना करना पड़ा। वे वाइल्डकार्ड से टूर्नामेंट में आईं थी। शारापोवा को 19वीं वरीयता प्राप्त क्रोएशिया की डोना वेकिच ने शिकस्त दी। वेकिच ने यह मुकाबला 6-3, 6-4 से अपने नाम किया। 32 साल की शारापोवा डब्ल्यूटीए रैंकिंग में 145वें स्थान पर हैं। दूसरी ओर, मेन्स सिंगल्स में वर्ल्ड नंबर-1 स्पेन के राफेल नडाल ने जीत के साथ शुरुआत की। उन्होंने बोलीविया के हूगो डेलियन को 6-2, 6-3, 6-0 से हरा दिया।
मेन्स सिंंगल्स में वर्ल्ड नंबर-4 रूस के दानिल मेदवेदेव और ऑस्ट्रेलिया के निक किरगियोस ने जीत दर्ज की। मेदवेदेव ने अमेरिका के फ्रांसिंस टिआफो को 6-3 4-6 6-4 6-2 से हराया। वहीं, किरगियोस ने इटली के लोरेंजो सोनेगो को 6-2 7-6(3) 7-6(1) से हराया।
वानरिंका, खाचानोव और थिएम भी जीते
2014 के चैम्पियन स्विट्जरलैंड के स्टैन वावरिंका ने बोस्निया के दमिर जुमहुर को 7-5 6-7(4) 6-4 6-4 से हरा दिया। रूस के करेन खाचानोव ने स्पेन के मारियो विलेला मार्टिनेज को 4-6 6-4 7-6(4) 6-3 से शिकस्त दी। ऑस्ट्रिया के डोमिनिक थिएम ने फ्रांस के एड्रियन मनारिनो को 6-3, 7-5, 6-2 से हराया। वहीं, क्रोएशिया के मारिन सिलिच ने फ्रांस के कोरेंटिन माउते को 6-3, 6-2, 6-4 से शिकस्त दी।
शारापोवा पर 2016 में 15 महीने का प्रतिबंध लगा था
शारापोवा 2016 में ऑस्ट्रेलियन ओपन के दौरान ड्रग टेस्ट में फेल हो गईं थी। इसके बाद उनपर 15 महीने का प्रतिबंध लगा दिया गया था। वे प्रतिबंध के बाद अपने पुराने फॉर्म में नहीं लौट सकी हैं। पिछले साल वे कंधे की चोट के कारण भी टेनिस कोर्ट से बहुत दिनों तक बाहर रही थीं। शारापोवा लगातार तीसरे ग्रैंड स्लैम के पहले ही राउंड में बाहर हो गईं। इससे पहले वे पिछले साल यूएस ओपन और फ्रेंच ओपन में भी हार गईं थी।